कोरबा: सुरभि राइस मिल में 6428 क्विंटल कस्टम मिलिंग का चावल गायब मिला

कोरबा। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से चल रही धान खरीदी के बीच प्रशासन ने राइस मिल की औचक जांच शुरू की है। जांच कई गड़बड़ियां पकड़ी जा रही हैं। कटघोरा के सुरभि राइस मिल से छह हजार 428.76 क्विटल चावल गायब मिला है।

इस संबंध में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। राइस मिल में रखे गए 205 क्विंटल चावल एवं 82 क्विंटल धान को जब्त किया है।

मिलर्स को नोटिस देकर आगे की कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि सोमवार को कटघोरा के नवागांव स्थित राइस मिल मेसर्स सुरभि राइस प्रोडक्ट की जांच की गई। यहां मौजूद चावल के स्टॉक से वित्तीय वर्ष 2024-25 में मिलिंग के लिए दिए गए धान का मिलाव किया गया है। जांच के दौरान धान की बोरिया गायब मिली। टीम ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि कस्टम मिलिंग वर्ष 2024-25 में मिलर द्वारा उठाए गए कुल धान के विरुद्ध जमा चावल कम है। जांच में छह हजार 428.76 क्विंटल चावल की कमी पाई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में धान, खरीदी केन्द्रों से सुरभि राइस मिल के संचालक ने मिलिंग के लिए नौ हजार 595.16 क्विंटल धान उठाया था। वित्तीय वर्ष समाप्त हो गया लेकिन संचालक ने चावल गोदाम में जमा नहीं किया।

प्रशासन चावल के आने का इंतजार करता रहा। इस बीच धान की फसल दोबारा तैयार हो गई। सोसाइटियों में बिक्र चालू हो गई। संचालक दोबारा मिलिंग के लिए जुगाड़ में लग गया। इस बीच राइस मिल में चावल नहीं होने की सूचना प्रशासन को मिली। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व पर एक टीम का गठन किया गया। इसमें तहसीलदार कटघोरा के अलावा खाद्य निरीक्षक और राजस्व निरीक्षक को भी शामिल किया गया था।

Spread the word