एसईसीएल कर्मी ने मचाया उत्पात, अपराध दर्ज

कोरबा 30 नवम्बर। शारदा विहार, पॉम मॉल और अन्य क्षेत्रों में एक एसईसीएल कर्मी के उत्पात ने दहशत का माहौल कायम कर दिया। उसने इन क्षेत्रों में लोगों की सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी रघ्घु को गिरफ्तार किया है, उसके विरूद्ध बीएनएस की धारा 324 का प्रकरण दर्ज किया गया है।

मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत शारदा विहार के वैभव होम्स के पार्किंग एरिया में घुसकर आरोपी ने वारदात की शुरूआत की। पुलिस ने बताया कि देर रात उसके द्वारा यह हरकत की गई। उसने यहां पर 17 चार पहिया गाडियों को निशाना बनाया। उनके आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिये गये। उसकी हरकत पर यहां के सुरक्षा गार्ड ने हस्तक्षेप किया तो उस पर भी हमला करने की कोशिश की गई। बताया गया कि आसपास के लोग सक्रिय हुए तो वह यहां से भाग निकला। कहा जा रहा है कि मेंटल किस्म के इस कर्मचारी ने यहां से जाने के बाद सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत पॉम मॉल में भी तोड़ फोड़ की घटना की। कुछ देर बाद पुलिस तक यह बात पहुंची। आखिरकार उसे देर रात तक गिरफ्तार किया गया। पुलिस से मिली सूचना में कहा गया कि आरोपी एसईसीएल कर्मी ने ऑन ड्यूटी इस घटना को अंजाम नहीं दिया। पिछले एक पखवाड़े से वह कार्यस्थल नहीं जा रहा है। सुरक्षा कर्मी के तौर पर उसकी सेवाएं एसईसीएल ले रहा है। हालिया घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने प्रबंधन को अवगत कराया है, ऐसे में उसके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही होने की पूरी संभावना है।

Spread the word