200 यूनिट तक बिजली बिल की छूट जनता से धोखाः दीपक बैज

400 यूनिट तक दाम आधा नहीं होने पर दिसंबर में सीएम निवास का घेराव : बैज
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर बिजली बिल को लेकर फिर से निशाना साधा है। उन्होंने कहा, सरकार का 200 यूनिट तक बिजली के दाम आधा करने का निर्णय जनता से धोखा है। वर्तमान निर्णय से सिर्फ उन्हीं उपभोक्ताओं का फायदा होगा, जिनकी कुल खपत 400 यूनिट ‘है, उनको 200 यूनिट तक में आधा छूट मिलेगी। जिनकी खपत 400 से 1 यूनिट भी अधिक होगी, उनको पूरा बिल देना होगा। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि 400 यूनिट तक बिजली के दाम आधा किया जाए, साथ ही पुराने कांग्रेस सरकार के निर्णय के अनुसार खपत कितनी भी हो 400 यूनिट तक दाम आधा रहने की गारंटी होनी चाहिए। साथ ही बिजली के दामों में 4 बार में की गई बढ़ोत्तरी को तुरंत वापस लिया जाए। बैज ने कहा, बिजली के दाम में कटौती तथा 400 यूनिट तक बिजली के दाम आधा नहीं किया तो कांग्रेस दिसंबर में मुख्यमंत्री निवास का – घेराव करेगी।
30 तक दाम घटाएं, स्मार्ट मीटर लगाना बंद करें
बैज ने कहा कि 30 नवंबर तक बिजली के दाम घटाए, 400 यूनिट तक बिजली के दाम आधा किया जाए, स्मार्ट मीटर लगाना बंद करे, जहां लग चुका है वहां पुराना चेक मीटर लगा के उसकी चेकिंग की जाए कि उसमें रीडिंग खपत से अधिक तो नहीं आ रही। यदि मांगें नहीं मानी गई तो प्रदेशभर की जनता के साथ सीएम आवास का घेराव किया जाएगा।
