शराब दुकान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से ठगी

कोरबा 25 अक्टूबर। जिले में बेरोजगार युवाओं को शराब दुकानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठग सक्रिय हो गए हैं। ये ठग व्हाट्सऐप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए फर्जी भर्ती अभियान चला रहे हैं। युवाओं से कहा जा रहा है कि रकम जमा करने के 24 घंटे के भीतर मनचाही दुकान में जॉइनिंग मिल जाएगी।

कैसे हुआ खुलासा
मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब एक युवक ने शराब दुकान में नौकरी के लिए संपर्क किया। ठग ने उसे फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपा, जिसमें उसे टीपी नगर की विदेशी मदिरा दुकान में सेल्समैन नियुक्त बताया गया था। दीपावली के अगले दिन जारी इस आदेश की पुष्टि के लिए जब युवक जिला आबकारी कार्यालय पहुंचा, तो उसे बताया गया कि विभाग की ओर से कोई ऐसा आदेश जारी नहीं किया गया है।

विभाग की जांच में खुली पोल
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विभाग की जानकारी के बिना किसी भी दुकान में कर्मचारी की नियुक्ति संभव नहीं है। कुछ मामलों में दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर नौकरी पाने वालों की पहचान कर उन्हें सेवा से हटाया भी गया है।

जिले में इस समय 37 देसी और विदेशी मदिरा दुकानें संचालित हैं। इनका संचालन ऑल सर्विस ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड नामक एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा है। एजेंसी ने सभी दुकानों में सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टीपर्पज कर्मचारी पहले ही नियुक्त कर दिए हैं। वर्तमान में किसी भी दुकान में कोई वैकेंसी नहीं है।

सहायक आयुक्त आशा सिंह ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि शराब दुकान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे मांगता है, तो तुरंत विभागीय कार्यालय या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें। उन्होंने कहा, “नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले तत्वों से सावधान रहें और किसी भी परिस्थिति में पैसे न दें।”

Spread the word