रूस में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी लगाएगा भारत

नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय 24 से 28 सितंबर तक रूस के कलमीकिया में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की एक प्रदर्शनी आयोजित करेगा।संस्कृति मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यहां राष्ट्रीय संग्रहालय में रखे बुद्ध के पवित्र अवशेषों को 24 से 28 सितंबर तक रूस के कलमीकिया में एक प्रदर्शनी के तहत प्रदर्शित किया जाएगा।

कलमीकिया की राजधानी एलिस्टा में तीसरे अंतरराष्ट्रीय बौद्ध फोरम का आयोजन किया जा रहा है।मंत्रालय ने कहा कि नई सहस्त्राब्दी में बौद्ध धर्म विषय पर आयोजित इस फोरम का मुख्य आकर्षण भारत से लाए गए शाक्यमुनि के पवित्र अवशेष, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ और राष्ट्रीय संग्रहालय द्वारा आयोजित चार प्रदर्शनियां और तीन विशेष शैक्षणिक व्याख्यान होंगे।इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय संग्रहालय से बुद्ध के पवित्र अवशेषों को प्रथम प्रदर्शनी के लिए कलमीकिया गणराज्य भेजा जाएगा तथा उनके साथ वरिष्ठ भारतीय और अंतरराष्ट्रीय भिक्षुओं का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा, जो उस क्षेत्र की बौद्ध बहुल आबादी को आशीर्वाद देगा और प्रार्थना करने में सक्षम बनाएगा।

Spread the word