मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर फिलिप्स कंपनी को नोटिस जारी

कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों और अटेंडरों का आरोप है कि दाल के नाम पर सिर्फ पानी और सब्जी के नाम पर सांभर जैसा भोजन परोसा जा रहा है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी फिलिप्स कंपनी को सौंपी गई है। आरोप है कि कंपनी द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. कमल किशोर सहारे ने बताया कि कंपनी को पहले ही नोटिस जारी किया गया है। अगर जल्द ही भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन पंजीयन के लिए आभा ऐप सेवा शुरू
इसी बीच अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए आभा ऐप की सेवा शुरू की गई है। इस ऐप के माध्यम से मरीज घर बैठे ही अपना पंजीयन कर सकेंगे। अस्पताल की ओपीडी में मौजूद कर्मचारी पंजीयन नंबर के आधार पर पर्ची तैयार करेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, रोजाना औसतन 700 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अब आभा ऐप से निशुल्क पंजीयन और उपचार की सुविधा मिलने से मरीजों को लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
