यह नई भाजपा है, छत्तीसगढ़ में नई भाजपा की सरकार है; तो तस्वीर भी नई होनी चाहिए, देखें एक ऐसी ही नई तस्वीर…!

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी अब जमाने के साथ बदल गई है। अब वो पुरानी भाजपा नदा गई है, जिसमें वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान होता था। सत्ता की बात तो छोड़िए विपक्ष में रहने पर भी किसी भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता को नजर अंदाज करने का साहस किसी में नहीं होता था।

लेकिन अब छत्तीसगढ़ में नई भाजपा है। इस भाजपा में पूरी जिंदगी खपा देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की नहीं बल्कि सत्ता सुंदरी की कोख से पैदा हुए नए नवेले, कांग्रेस की संस्कृति के पैरोकारों और सत्ता के नशे में मदहोश नेताओं का डंका बज रहा है।

नए तो नए, पुराने नेता भी कुर्सी पर बैठते ही पुराने समर्पित और कर्मठ पार्टी कार्यकर्ताओं से आंख मिचौली करने लगे हैं और भ्रष्ट तंत्र का यंत्र बनकर रह गए हैं। सत्ता की मलाई चाटने में व्यस्त नेताओं को इस बात से कोई लेना देना नहीं है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने वाले नुमाइंदे पार्टी के सत्ता में आने के बाद भी नाइट क्लब में धींगामुश्ती क्यों कर रहे हैं? उन्हें सबक क्यों नहीं सिखाया जा रहा है?

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका पूर्व में असम के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहे हैं। दो बार भाजपा के सांसद रहे हैं। संप्रति वर्तमान में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल हैं। 11 और 12 जुलाई को दो दिनों कोरबा प्रवास पर थे। 71 वर्षीय राज्यपाल श्री रमेन डेका से 84 वर्षीय भाजपा नेता, 7 बार के विधायक और मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व केबिनेट मंत्री, पूर्व गृहमंत्री श्री ननकीराम कंवर भेंट करने गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां नई भाजपा से उन्हें स्वयं और पार्टी के कार्यकर्ताओं को रूबरू होने का मौका मिला।

इस भेंट का एक फोटो सामने आया है। इस फोटो में छत्तीसगढ़ के सबसे वरिष्ठ भाजपाई, कद्दावर आदिवासी नेता, सात बार के जनसंघ और भाजपा के विधायक, 1977 में मध्यप्रदेश के सबसे युवा संसदीय सचिव, अखण्ड मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ के विभिन्न विभागों के केबिनेट मंत्री और पूर्व गृहमंत्री श्री ननकीराम कंवर ( 84 वर्ष ) छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ( 71वर्ष ) से कोरबा प्रवास पर भेंट करते दिख रहे हैं, जिसमें सोफे पर बैठे हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका और कोरबा कलेक्टर ( रेवेन्यू ) श्री अजीत वसंत नजर आ रहे हैं। सामने खड़े हैं- भाजपा छत्तीसगढ़ के कद्दावर नेता श्री ननकीराम कंवर। इस तस्वीर पर भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं की काफी तीखी प्रतिक्रिया देखने में आ रही है।

लोग कह रहे हैं – शायद इसी को कहते हैं – प्रोटोकॉल….?

Spread the word