बीजापुर में नक्सलियों की कायराना करतूत, प्रेशर आईईडी की चपेट में आकर एक ग्रामीण बुरी तरह घायल

बीजापुर। बस्तर के बीजापुर में नक्सलियों की कायराना करतूत एक बार फिर सामने आई है। बीजापुर नक्सलियों ने दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया हैं। पहली घटना उसूर ब्लॉक के पेरम्पली गांव में हुई, जहां नक्सलियों ने एक ग्रामीण का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है। दूसरी ओर जंगल क्षेत्र में लगाए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गया है। यह घटना बीते दिन शाम की है, जब ग्राम पेगड़ापल्ली निवासी एक युवक जंगल में वन उपज (पुटु) एकत्र करने गया हुआ था।
घटना मद्देड़ थाना के सिराकोंटा और दम्पाया के मध्य जंगल क्षेत्र की है, जहां पहले से नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक की चपेट में आने से ग्रामीण युवक विशाल गोटे पिता पेंटैया उम्र 32 निवासी ग्राम मोटलागुड़ा, थाना मद्देड़, गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रेशर आईईडी विस्फोट के कारण विशाल के पैर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है।
इधर आम नागरिकों से पुलिस और प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि वे जंगल क्षेत्रों में अत्यंत सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैम्प को दें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके और निर्दोष नागरिकों की जान बचाई जा सके।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 17 जून को बीजापुर जिले में ही नक्सलियों ने तीन ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया था। इतना ही नहीं नक्सलियों ने आधा दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों को जमकर पीटा भी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का वातावरण है। वहीं इस वारदात के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीम भी सक्रीय है।
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने 12 ग्रामीणों का अपहरण भी किया था। इसके बाद नक्सलियों ने तीन ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं नक्सलियों ने 7 ग्रामीणों को जमकर पीटा भी था। नक्सलियों ने जिन ग्रामीणों की हत्या की थी उनकी पहचान सन्नू मोड़ीयम, जुन्गा मोड़ीयम, सोमा मंडावी के रूप में हुई थी। मृतक जूंगू मोडियम और सोमा मोडियम आत्म समर्पित नक्सली दिनेश मोडियम के रिश्तेदार थे और अनिल मांडवी का भाई CRPF, बस्तर बटालियन में पदस्थ है।
