मादक पदार्थ का नशा कर दाहिनी तट नहर में उतरा युवक

कोरबा 10 जून। जिले में एक युवक मादक द्रव्य पदार्थ का नशा कर उसने नहर में छलांग लगा दी। कोरबा जिले के दर्री क्षेत्र अंतर्गत दर्री बराज से लगे दाहिनी तट नहर में उतर गए इस शख्स ने आने जाने वाले राहगीरों को खूब नौटंकी भी दिखाई। सड़क पर एक एक कर जुटे लोगों की काफी भीड़ जुट गई, जिसके बाद किसी ने पुलिस को खबर दी।
मौके पर पहुंचे पुलिस के जवानों ने उसे मनाकर बाहर निकालने कोशिश शुरू की। पर काफी देर तक वह वहीं अड़ा रहा। इस बीच उसे जानने वालों ने भी समझाने का भरसक प्रयास किया पर कोई फायदा नहीं हो रहा था। इस नौटंकी का मजा ले रहे कई लोगों ने वीडियो बनाया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रहा है।
आस-पास के लोगों का कहना था कि यह शख्स माहिर तैराक है और ऐसे में उसकी फिक्र करने की जरूरत नहीं। जब नशा उतरेगा तो वह खुद ही बाहर निकल आएगा। बावजूद इसके सीधे बराज से निकलकर तेजी से प्रवाहित हो रही नहर के गहरे पानी के बीच बनी एक सतह पर लेते हुए और अंगड़ाई लेते जब कभी वह पानी में गिरता, तब अंजान राहगीरों की भी सांस अटक जाती और लोग उसके सकुशल होने की दुआएं मांगने लगते।
