आतंकवाद:अमेरिका का भारतीय दल को मिला समर्थन,पाकिस्तान को कड़ी फटकार

वाशिंगटन. अमरीका ने आतंकवाद से लड़ाई के मुद्दे पर भारत का समर्थन किया है वहीं पाकिस्तान को लताड़ लगाई है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल वाशिंगटन में है। प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में अमरीकी विदेश उपमंत्री क्रिस्टोफर लैडाऊ ने कहा कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में हम भारत के साथ मजबूती से खड़े हैं। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता टैमी बूस ने कहा कि लैडाऊ ने ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के लिए अमरीका के मजबूत समर्थन की पुष्टि की। भारतीय दल ने लैडाऊ के अलावा सीनेट की विदेश संबंध समिति के सदस्यों सीनेटर क्रिस वान होलेन और कोरी बुकर से भी बात कर आतंकवाद और ऑपरेशन सिंदूर पर भारत के दृष्टिकोण से अवगत करवाया।
आतंकी जैश को खत्म करो
पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल को अमरीकी सांसद ब्रैड शेरमैन ने कहा कि पाक को आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद को खत्म करना चाहिए। शेरमैन ने डॉ. अफरीदी को रिहा करने के लिए कहा जो लादेन को मारने में मदद के कारण पाक जेल में बंद है।
