करोड़ों के डीएमएफ घोटाला मामलाः एसीबी की टीम ने पदस्थ रहे बाबूओ से की पूछताछ

कोरबा 07 मई। कोरबा जिले की तत्कालीन कलेक्टर श्रीमती रानू साहू के द्वारा कार्यकाल में किए गए करोड़ों के डीएमएफ घोटाला के मामले में । एसीबी की जांच पड़ताल जारी है। इस कड़ी में पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिले लेन-देन के इनपुट के आधार पर कोरबा जिले के पाली, पोड़ी व कटघोरा जनपद पंचायत में पदस्थ रहे तत्कालीन बाबू को एसीबी ने तलब कर आवश्यक पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक पोड़ी उपरोड़ा और पाली जनपद के बाबू सूर्यवंशी व शर्मा तो रिटायर हो चुके हैं लेकिन तत्कालीन कलेक्टर रानू साहू के कार्यकाल के समय वे यहां पदस्थ थे और डीएफ संबंधी कार्य का प्रभार भी देख रहे थे। इसी प्रकार कटघोरा जनपद के बाबू भारद्वाज जो वर्तमान में भी पदस्थ हैं, को भी एसीबी के द्वारा तलब कर आवश्यक पूछताछ कर जानकारियां हासिल की गई। प्रशासनिक सूत्र बताते हैं कि जनपद में डीएमएफ के कार्य से जुड़े ठेकेदारों के द्वारा एसीबी से पूछताछ में इस आशय की जानकारी दी गई है कि कार्यों का ठेका के संबंध में तथा स्वीकृति व अन्य वितरण संबंधी कार्य के एवज में उन्होंने अच्छी-खासी रकम बाबुओं को भी दी थी। अब एसीबी ने किस तरह की जानकारी हासिल करने के लिए इन बाबुओं को बुलाया था और इन बाबुओं ने क्या जानकारी दी है, यह तो एसीबी के अधिकारी और बाबू ही जानें, पर इतना तो तय है कि डीएमएफ की गंगा में ठेकेदारों/सप्लायरों के साथ डुबकी जरूर लगाई है।

Spread the word