बिग ब्रेकिंग: सभापति चुनाव को लेकर भाजपा में मचा घमासान, रिजल्ट को लेकर संशय की स्थिति

कोरबा 8 मार्च। नगर पालिका निगम कोरबा में आज सभापति का चुनाव हो रहा है। निगम के 67 निर्वाचित पार्षदों में 45 पार्षद बीजेपी के हैं। बावजूद इसके चुनाव परिणाम को लेकर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के वरिष्ठ पार्षद और निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के ही एक अन्य पार्षद नूतन सिंह ठाकुर ने भी सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी ने हितानंद अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन पार्टी के निर्णय के खिलाफ जाकर प्रदेश संगठन के एक नेता ने नूतन सिंह ठाकुर को सभापति का चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतारा है। इतना ही नहीं, बताया तो यह भी जा रहा है कि पार्टी के 44 पार्षदों को भी नूतन सिंह ठाकुर के पक्ष में मतदान करने के लिए कहा गया है।
आपको बताते चलें कि भारतीय जनता पार्टी के सभी 45 निर्वाचित पार्षदों को आज सुबह 9:30 बजे भाजपा के जिला कार्यालय दीनदयाल कुंज में एकत्रित किया गया था। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी की जानकारी पार्षदों की बैठक में दी गई, लेकिन हितानंद अग्रवाल के नाम का पार्टी की बैठक में खुलकर विरोध किया गया। बताया जाता है कि यह सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से किया गया जो पूर्व में ही निर्धारित कर लिया गया था।
बहरहाल इस नाटकीय घटनाक्रम के बीच सभापति चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी और वरिष्ठ विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी पार्षदों से चर्चा की है और उनसे आग्रह किया है कि वे सभी पार्षद पार्टी के निर्देशानुसार भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। देखना होगा कि मतदान के बाद सभापति पद का परिणाम क्या आता है? दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर पार्षद निर्वाचित हुए अब्दुल रहमान ने भी नामांकन दाखिल किया है और निर्दलीय प्रत्याशी के नाते अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
