प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर

कोरबा 15 फरवरी। नगर के निहारिका क्षेत्र में चौपाटी को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन कर रहे अवैध रूप से संचालित ठेले-खोमचे वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए तीन ठेलों पर जेसीबी चला दी, जिससे वहा हंगामा मच गया।

कोरबा नगर निगम ने ओपन थिएटर ग्राउंड के पास गढ़कलेवा में एक व्यवस्थित चौपाटी तैयार की थी, जहां ठेले-खोमचे वालों को बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गई थीं। इसके बावजूद कई व्यापारियों ने वहां जाने से इंकार कर दिया और खुले मैदान में ही ठेले लगाने लगे। इस पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए कि यदि चौपाटी का संचालन करना है तो निर्धारित स्थान पर ही किया जाए, अन्यथा अवैध रूप से संचालित ठेले हटा दिए जाएंगे। उक्त आदेश का पालन करते हुए नगर के अधिकांश ठेले व्यवस्थित चौपाटी में चले गए, लेकिन कुछ ठेलेवाले पुराने स्थान पर ही डटे रहे।

जानकारी के अनुसार जब इन नियमों का पालन नहीं हुआ, तो नगर निगम ने जेसीबी बुलाकर अवैध रूप से संचालित इन ठेलों और गुमटियों को हटा दिया। इस कार्यवाही से व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप था कि नई जगह ग्राहक नहीं आ रहे, जिससे उनके व्यवसाय को नुकसान हो रहा है। उन्होंने निगम की कार्यवाही को तानाशाही करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी। नगर निगम का कहना है कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि ओपन थिएटर ग्राउंड में अब कोई भी ठेला नहीं लगाने दिया जाएगा और यदि किसी ने दोबारा वहां ठेला लगाया तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

बताया जा रहा हैं की इस विवाद के चलते व्यापारियों और प्रशासन के बीच तनाव बना हुआ है। जहां व्यापारी अपने हक की लड़ाई लड़ने की बात कर रहे हैं, वहीं प्रशासन शहर को व्यवस्थित रखने के अपने फैसले पर अडिग है।

Spread the word