भारत सरकार ने बताया- मिडिल ईस्ट के युद्ध में अब तक कितने भारतीयों की हुई मौत ?

नई दिल्ली। मिडिल-ईस्ट में मालवाहक जहाज पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है. इसकी पुष्टि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में की.
रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस दुखद घटना के अलावा इजरायल और दुबई में भारतीय नागरिक घायल हुए हैं जिनका उपचार जारी है. उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पीड़ितों के परिवारों को हर संभव जानकारी और मदद मुहैया कराई जा रही है.
जायसवाल ने कहा कि भारत सरकार खाड़ी क्षेत्र में रह रहे भारतीयों के कल्याण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
खाड़ी क्षेत्र के तनावपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजर रहे एक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया गया. इस हमले में जहाज पर सवार दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई. लापता व्यक्ति की तलाश भारतीय नौसेना और संबंधित देशों का बचाव दल कर रहा है लेकिन युद्ध की स्थिति के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आ रही हैं.
जायसवाल ने बताया कि ईरान को लेकर भी भारत चिंतित है क्योंकि वहां पर हमारे नौ हजार लोग फंसे हैं. कुछ ने पहले हमारी एडवाइजरी पर ध्यान दिया और स्वदेश लौट आए लेकिन कई अभी भी वही हैं और उनसे दूतावास संपर्क साध रहा है. लोग ईरान के अलग-अलग हिस्सों में हैं जिनसे दूतावास संपर्क कर रहा है. कुछ लोगों ने जमीन मार्ग से बॉर्डर क्रॉस करने की इच्छा जताई है. वो लोग यहां से पड़ोसी देशों अर्मेनिया और अजरबैजान पहुंच कर फ्लाइट्स से भारत आना चाहते है.
इजरायल में एक भारतीय घायल हो गया. विदेश मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और राहत की बात यह है कि उसकी हालत में अब सुधार हो रहा है. तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास चिकित्सकों के संपर्क में है.
विदेश मंत्रालय ने खाड़ी देशों और इजरायल में स्थित सभी भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों को 24/7 सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं. हेल्पलाइन नंबर जारी किया है ताकि संकट में फंसे भारतीय तुरंत संपर्क कर सकें.
