संसद में गूंजा ‘वंदे मातरम’, पीएम बोले- ये शक्ति चेतना का प्रवाह…

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के शीतकालीन सत्र में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के मौके पर विशेष चर्चा के दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. इस दौरान पीएम मोदी ने जवाहरलाल नेहरू से लेकर जिन्‍ना और आपातकाल तक का जिक्र किया. कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नेहरू जी का सिंहासन डोला, तो उन्‍होंने वंदे मातरम के टुकड़े कर दिया. जिन्‍ना ने वंदे मातरम का विरोध किया, तो उन्‍होंने इस पर सहमति जताई. तुष्टिकरण के दबाव में कांग्रेस वंदे मातरम के बंटवारे के लिए झुकी इसलिए कांग्रेस को भारत के बंटवारे के लिए झुकना पड़ा. पीएम मोदी ने कहा कि वंदे मातरम की 150 वर्षों की यात्रा अनेक पढ़ावों से होकर गुजरी है. जब वंदे मातरम के 100 साल पूरे हुए, तब भारत आपातकाल में था.

पीएम मोदी के नेहरू पर हमले से कांग्रेस तिलमिला गई. लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी पर वंदे मातरम् पर चर्चा को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के लोग जितनी भी कोशिश कर लें, पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान पर दाग नहीं लगा सकते. उन्होंने सदन में वंदे मातरम् पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा, ‘भाजपा के राजनीतिक पूर्वजों का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं रहा.’ गोगोई ने दावा किया कि कांग्रेस ने सबसे पहले वंदे मातरम् का उद्घोष किया था. ( साभार NTC)

Spread the word