सीआईएसएफ और एसबीआई ने एक अनुपम उदाहरण पेश किया, शहीदों के परिवार का कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता जताई

नईदिल्ली। सी आई एस एफ और एस बी आई ने एक अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए CISF के दो शहीद जवानों के परिजनों को ना केवल सुविधाप्रद भविष्य का संबल प्रदान किया है, बल्कि आर्थिक दुश्चिंता से भी छुटकारा दिलाया है।

आपको बता दें कि किश्तवाड़ में 14 अगस्त 2025 को बादल फटने की घटना के दौरान तीर्थयात्रियों की जान बचाते हुए सीआईएसएफ के दो जवान—प्रधान आरक्षक/जीडी आनंद कुमार और प्रधान आरक्षक/जीडी एम. के. बिस्वाल ने सर्वोच्च बलिदान दिया था।

शौर्य का प्रतीक बन चुके सीआईएसएफ के दोनो जवान— प्रधान आरक्षक/जीडी आनंद कुमार और प्रधान आरक्षक/जीडी एम. के. बिस्वाल के परिजनों के लिए अब एसबीआई CAPSP योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बीमा सहायता स्वीकृत की गई है।

सीआईएसएफ मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक श्री प्रवीर रंजन ने दोनों शहीदों की पत्नियों को यह लाभ प्रदान किया। महानिदेशक ने उनके अदम्य साहस और कर्तव्य परायणता को नमन करते हुए आश्वासन दिया कि बल हमेशा शहीद परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।

MoU के अनुसार एसबीआई द्वारा अतिरिक्त सहायता :
• प्रत्येक बालक की शिक्षा हेतु 8 लाख रुपये
• प्रत्येक बालिका की शिक्षा हेतु 10 लाख रुपये
• दो बालिकाओं के विवाह हेतु कुल 10 लाख रुपये (प्रत्येक 5 लाख रुपये)

यह कदम शहीद जवानों के परिवारों के कल्याण के प्रति सीआईएसएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Spread the word