बिहार ने विकास को वोट दिया है, राज्य सरकारें प्रेरणा लें:PM मोदी

नईदिल्ली। दिल्ली में आयोजित रामनाथ गोयनका लेक्चर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को पूरे देश की राजनीति के लिए बड़ा सबक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के वोटरों ने साफ संदेश दिया है कि जनता अब केवल विकास को प्राथमिकता देने वाली सरकारों पर भरोसा करती है। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने आरजेडी के जंगलराज को निर्णायक रूप से खारिज कर दिया और बेहतर शासन व विकास के पक्ष में वोट दिया।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि इस चुनाव में महिलाओं की भागीदारी रिकॉर्ड स्तर पर रही। उन्होंने कहा कि इस बार महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से 9% अधिक रहा, जो लोकतंत्र की परिपक्वता और जनता की बढ़ती राजनीतिक जागरूकता का प्रमाण है। पीएम मोदी के अनुसार ये नतीजे दिखाते हैं कि भारत के नागरिक अब अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने वाली सरकारों के साथ खड़े होते हैं।

प्रधानमंत्री ने देश की सभी राज्य सरकारों को संदेश देते हुए कहा कि बिहार के नतीजे बताते हैं कि जनता अब बहुत जागरूक हो चुकी है और आने वाले वर्षों में वही सरकारें टिकेंगी जो विकास- केंद्रित शासन देंगी। उन्होंने कहा कि यह समय ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और पारदर्शी व्यवस्था बनाने का है।

लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि उन्होंने चाहा होता, तो बिहार के विकास के लिए बहुत कुछ कर सकते थे, लेकिन राज्य को जंगलराज की ओर धकेल दिया गया। उन्होंने राज्य सरकारों को सलाह देते हुए कहा कि वे निवेश और सुशासन पर फोकस करें, क्योंकि जनता उसी पर विश्वास जताती है।

पीएम मोदी ने अपने कार्यशैली पर उठे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वह ‘चुनाव मोड’ में नहीं, बल्कि ‘इमोशन मोड’ में रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके भीतर हमेशा यह बेचैनी रहती है कि देश के गरीबों, मिडिल क्लास और युवाओं के लिए हर पल कुछ बेहतर किया जाए। उन्होंने कहा कि यही भावना हर योजना और हर फैसले के पीछे काम करती है और इसका प्रभाव चुनाव नतीजों में दिखाई देता है।

अंत में प्रधानमंत्री ने दोहराया कि चाहे केंद्र सरकार हो या किसी भी राज्य की सरकार—सबकी प्राथमिकता सिर्फ एक होनी चाहिए: विकास, विकास और सिर्फ विकास।

Spread the word