अधिवक्ता के घर में घुसकर गाली-गलौज और धमकी, आरोपी पर कार्रवाई की मांग

कोरबा 08 नवम्बर। मानिकपुर क्षेत्र के दादर खुर्द में निवासरत अधिवक्ता दिलीप मिरी ने पुरानी बस्ती निवासी शत्रुघ्न राजपूत समेत उसके 15-20 साथियों पर घर में घुसकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में अधिवक्ता ने मानिकपुर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता मिरी ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार दादर खुर्द में रहता है, जबकि वे पिछले 10 महीनों से घर से बाहर थे। इस दौरान अप्रैल माह में पुरानी बस्ती कराटे चौक निवासी शत्रुघ्न राजपूत और उसके साथियों ने नशे की हालत में उनके घर में घुसकर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि आरोपियों ने घर के आसपास भय और आतंक का माहौल बना दिया था और जान से मारने की धमकी भी दी थी। डर के कारण परिवार के सदस्य उस समय चुप रहे। अब अधिवक्ता मिरी ने पुलिस से न्याय और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
