कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए पैसों की उगाही का आरोप लगा कर पूर्व विधायक ने फैलाई सनसनी, देखिए वायरल वीडियो

अंबिकापुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए 5 से 7 लाख रुपए की मांग किए जाने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। इस संबंध में पूर्व विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूर्व विधायक ने छत्तीसगढ़ के पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन प्रभारी शैलजा कुमारी पर पैसे लेकर टिकट बांटने का भी आरोप लगाया है और कहां है कि इसी वजह से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सफाया हो गया।

पूर्व कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने अपने बयान में कहा है कि सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से उन्हें सूचना मिल रही है कि एक नंबर से कांग्रेस जिला अध्यक्ष के उम्मीदवारों के पास फोन आ रहा है। संबंधित व्यक्ति स्वयं को कांग्रेस पार्टी की छत्तीसगढ़ की सह प्रभारी जरिता मैडम का सेक्रेटरी बता रहा है और एक महिला से बात करता है। महिला की आवाज को कुछ लोग पहचानते हैं और कुछ लोग नहीं पहचानते। उनसे 5 से 7 लाख रूपयों की मांग की जा रही है और कहा जा रहा है कि पैसा देने के बाद उन्हें जिला अध्यक्ष बना दिया जाएगा।

वायरल वीडियो में पूर्व कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी शैलजा कुमारी ने भी पैसे लेकर टिकट वितरण किया था, जिसके कारण कांग्रेस को सत्ता से हाथ धोना पड़ा है। उन्होंने कहा है किसी वजह से शैलजा कुमारी को दरकिनार कर दिया गया है।

पूर्व विधायक ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बहुत अच्छी सोच के साथ अन्य प्रदेशों से पर्यवेक्षक भेज कर ब्लॉक और जिला स्तर पर कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की व्यवस्था दी है। इस पर अमल किए जाने पर निश्चित रूप से पार्टी को लाभ प्राप्त होगा और कांग्रेस की सत्ता में दोबारा वापसी हो सकती है। उन्होंने कांग्रेस की शाह प्रभारी जरिता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Spread the word