सेजेस तिलकेजा के छात्रों ने किया अडानी प्लांट का भ्रमण

समझा उड़ान प्रोजेक्ट के तहत बिजली उत्पादन प्रक्रिया को

कोरबा 30 अक्टूबर। उड़ान प्रोजेक्ट के तहत कोरबा के पीएम सेजेस तिलकेजा के 51 विद्यार्थियों ने अडानी पॉवर प्लांट पताढ़ी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को आधुनिक बिजली उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

अडानी पॉवर प्लांट के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को 660 मेगावाट की बिजली उत्पादन प्रक्रिया समझाई। उन्होंने अग्निशमन और सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) जैसे विभिन्न विभागों का भी अवलोकन कराया। अधिकारियों ने बिजली निर्माण और सुरक्षा मानकों के पालन के बारे में विस्तार से बताया।

छात्रों ने बिजली उत्पादन प्रक्रिया को समझा। प्राचार्य एम.आर. श्रीवास ने बताया कि पाठ्यक्रम के अनुसार औद्योगिक प्लांट का भ्रमण छात्रों को व्यावहारिक जानकारी देने के लिए कराया गया। इससे उन्हें बिजली उत्पादन और कर्मचारियों के कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिली।

विद्यार्थियों के अनुसार, उन्हें पहले केवल किताबों से प्लांट संचालन और बिजली उत्पादन की जानकारी थी। यहां आने के बाद उन्हें पता चला कि ऊर्जाधानी कोरबा में कैसे बिजली बनती है और पूरे देश में कैसे इसकी आपूर्ति होती है। इस शैक्षणिक भ्रमण ने बच्चों को ऊर्जा उत्पादन की तकनीकी प्रक्रिया से अवगत कराया और उनके ज्ञान में महत्वपूर्ण वृद्धि की।

अडानी समूह ने छात्रों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्था की थी। बस सुविधा, नाश्ता और भोजन सहित पूरे भ्रमण को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया गया। यह शैक्षणिक यात्रा प्राचार्य एम.आर. श्रीवास के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें 51 विद्यार्थी शामिल थे। भ्रमण के दौरान आर.के. पटवा सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।

Spread the word