क्रूरता: कमरे में कैद कर रितु को 9 दिन तक गर्म चिमटे से दागा, तीन आरोपी भेजे गए जेल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई । जिले के त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदापुर गांव में एक विवाहिता को उसके पति, सास और ससुर ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि हाथ-पैर बांधकर उसे गर्म चिमटे से दागते रहे और कमरे में बंद कर नौ दिनों तक यातनाएं दीं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

थाना त्रिकुण्डा में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता रितु तिवारी ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2016 में आकाश तिवारी से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर ताना मारकर प्रताड़ित किया जा रहा था। पूर्व में रघुनाथनगर थाने में इसकी शिकायत भी की गई थी, पर समझौते के बाद वह वापस ससुराल लौट गई थी।

रितु ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसके पति आकाश तिवारी ने वर्ष 2021 में एक अन्य महिला से दूसरा संबंध बना लिया, जिससे एक डेढ़ साल की बेटी भी है। जब रितु ने इसका विरोध किया तो 3 जुलाई 2025 की रात को उसके पति, सास तारावती और ससुर हरिशंकर ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा, डंडों से वार किए, हाथ-पैर रस्सी व गमछे से बांध दिए और फिर लोहे के चिमटे को गर्म कर शरीर के कई हिस्सों पर दागा। इस अमानवीय अत्याचार के कारण रितु का चेहरा विकृत हो गया है और शरीर पर कई गंभीर जख्म हैं।

पीड़िता ने बताया कि उसे 3 जुलाई से 12 जुलाई तक एक कमरे में बंद रखा गया। जब उसे होश आया तो उसने अपनी बेटी से रस्सी खुलवाई और 12 जुलाई को जब उसके पिता, मां और भाई उसे देखने आए, तब पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजन उसे अपने गांव कमालपुर (रघुनाथनगर) ले गए और इलाज कराया।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी एवं एसडीओपी बाजीलाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक व्यास नारायण चुरेंद्र की अगुवाई में त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने पीड़िता का वाड्रफनगर सीएचसी में डॉक्टरी परीक्षण कराया, जिसमें गंभीर चोट की पुष्टि हुई। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 43/2025 धारा 296, 351(2), 115(2), 118 (1), 127(3), 287, 85, 82(1), 3(5) व 118(2) भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया।

आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना वाली रात आकाश ने अपनी पत्नी को मोबाइल पर चैट करते देखा जिससे गुस्से में आकर मारपीट शुरू कर दी। सास-ससुर भी मौके पर पहुंचे और तीनों ने मिलकर महिला के साथ क्रूरता की। घटनास्थल से पुलिस ने गैस चूल्हा, सिलेंडर, गर्म चिमटा, रस्सी और गमछा जब्त किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया और फिर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

Spread the word