सुशासन राज में रेत माफियाओं का जलवा.. बलरामपुर में आरक्षक के बाद अब कोरबा में दो युवकों को कुचला

जिले में कोल माफियाओं के बाद अब रेत माफियाओं और प्रसाशन का गठजोड़ उजागर

सत्ता और चेहरे नये,पर कारगुजारियां पुरानी

कोरबा 13 मई। कोरबा नगर के बालको क्षेत्र में रेत परिवहन करते हुए एक टिप्पर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक अन्य युवक गंभीर है। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा होते देख आरोपी टिप्पर चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया।

बलरामपुर जिले में रेत माफियाओं द्वारा पुलिस आरक्षक को कुचलकर हत्या करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि कोरबा जिले में भी रेत माफियाओं ने भी अपनी कारस्तानी जग जाहिर कर दी। बालको क्षेत्र में रेत परिवहन करते हुए एक टिप्पर चालक ने बाइक से जा रहे तीन युवकों को अपनी चपेट में लेते हुए कुचल दिया जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बलरामपुर मामले में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आज ही वन विभाग व खनिज सचिव को नोटिस जारी किया है। तो वही कोरबा जिले में घटित इस घटना ने खनन माफिया और प्रशासन के गठजोड़ का पर्दाफाश करते हुए जिले तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। यूँ तो कहने को प्रदेश में सुशासन का सूर्योदय हुआ परन्तु जनमानस को नई सुबह देखने को नही मिली। चाहे कोयला तस्करी हो, अवैध खनन या जानलेवा राखड़, जनता को सुशासन में भी अच्छे दिन देखने को नही मिल रहे। प्रदेश में सरकार तो बदल गई पर परिस्तिथियाँ नहीं।

बता दे की बालको संयंत्र में वर्तमान में विस्तार का कार्य चल रहा है जिसके कारण रेत माफिया बड़ी मात्रा में अवैध खनन करते हुए आसपास के क्षेत्र से रेत बालको संयंत्र में सप्लाई कर रहे हैं। रेत की सप्लाई से होने वाली मोटी कमाई से कुछ हिस्सा प्रशासनिक अधिकारियों को चढाकर खनन माफिया नियम कानून को ताक पर रखते हुए अपना कार्य बेधड़क कर रहे हैं। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की जिस मार्ग पर हादसा हुआ है वह मार्ग भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित मार्ग है। इसके बावजूद भी रेत माफिया खुलेआम इस मार्ग का उपयोग दिन-रात कर रहे हैं। लोगों ने बताया कि इस बात की शिकायत उनके द्वारा कई बार जिम्मेदार अधिकारियों व विभाग से की गई है परंतु उस पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई जिसके परिणाम स्वरूप आज दो निर्दोष युवाओं को अपनी जान गंवानी पड़ी।

हादसे के बाद बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त वाहन में रेत लोड था। पुलिस ने घटना पर मर्ग कायम करते हुए दुर्घटनाकारित वाहन को जप्त कर लिया है।

Spread the word