प्लाटून कमांडर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, शादी का झांसा देने का आरोप; आरोपी फरार

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्लाटून कमांडर प्रमोद महंत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के आधार पर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने लंबे समय तक शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़िता के बयान, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।

Spread the word