थाना परिसर में खड़ी ट्रेलर से चोरी, केबिन का कांच तोड़कर जैक, रॉड और साउंड बॉक्स ले गए चोर

कोरबा, 12 जुलाई 2026। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन इसी बीच बांकीमोगरा थाना परिसर से चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ी एक 18 चक्का ट्रेलर का केबिन तोड़कर अज्ञात चोर जैक, रॉड, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बांकीमोगरा निवासी ट्रांसपोर्टर संजय यादव की 18 चक्का ट्रेलर (क्रमांक CG 30 F 8112) को 20 जून 2026 को खनिज विभाग ने कथित तौर पर अवैध गिट्टी परिवहन के मामले में जब्त किया था। इसके बाद वाहन को पुलिस अभिरक्षा में बांकीमोगरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया था। वाहन पर लगने वाले जुर्माने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।
थाना पहुंचा मालिक तो उड़े होश
बताया जा रहा है कि ट्रेलर मालिक दो दिन पहले थाना पहुंचा था, तब वाहन सुरक्षित था। रविवार सुबह जब वह दोबारा थाना पहुंचा तो देखा कि ट्रेलर के केबिन का कांच पत्थर मारकर तोड़ा गया है और उसमें रखा जैक, रॉड, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान गायब है।
सीसीटीवी की जद से बाहर था घटनास्थल
वाहन मालिक के अनुसार, थाना कर्मियों ने बताया कि परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन जिस स्थान पर ट्रेलर खड़ी थी, वह कैमरे की रेंज और दिशा में नहीं आता था। इसके चलते घटना का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका।
शिकायत की तैयारी
ट्रांसपोर्टर ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वह मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने और अज्ञात चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
थाना परिसर में खड़े जब्त वाहन से चोरी की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
