जिला साहू संघ की बैठक संपन्न, सामाजिक गतिविधियों और सदस्यता अभियान पर बनी रणनीति

कोरबा 12 जुलाई। जिला साहू संघ कोरबा की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को चेक पोस्ट स्थित जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष गिरिजा कुमार साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत माता कर्मा के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ की गई। इस दौरान सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, सेवा गतिविधियों के विस्तार और सदस्यता अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।

बैठक में जिला अध्यक्ष गिरिजा कुमार साहू को एचएमएस कोयला मजदूर सभा, एसईसीएल का केंद्रीय सचिव एवं गेवरा-दीपका क्षेत्र का जेसीसी सदस्य बनाए जाने पर साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा ईश्वर साहू को एल्डरमैन मनोनीत होने तथा अनु लाल साहू को एसईसीएल कुसमुंडा में आयोजित सेफ्टी टॉक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। वहीं जिला कोषाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद साहू के जन्मदिन पर समाज की ओर से शुभकामनाएं भी दी गईं।

सावन उत्सव और भोजली पर्व मनाने का निर्णय
बैठक में महिला प्रकोष्ठ द्वारा सावन उत्सव एवं भोजली पर्व आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिला की प्रत्येक इकाई से प्रति परिवार 100 रुपये वार्षिक सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया। सभी तहसीलों को अपने-अपने क्षेत्र में साहू समाज के परिवारों की संख्या और पारिवारिक जनगणना से संबंधित जानकारी निर्धारित समय में जमा करने के निर्देश भी दिए गए।

समाज सेवा गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों ने समाजहित में कई सुझाव रखे। दीपक साहू ने समाज के माध्यम से रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, एंबुलेंस सेवा तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जलपान व्यवस्था जैसी जनसेवा गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाजजन रहे मौजूद
बैठक में जिला पदाधिकारियों, महिला प्रकोष्ठ, विभिन्न तहसीलों, परिक्षेत्रों और इकाइयों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इंदु उपासना साहू ने किया, जबकि अंत में नरोत्तम साहू ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Spread the word