शिव मंदिर बांगो से पोड़ी उपरोड़ा तक गांव की सड़क बदहाल, बारिश में बढ़ी मुश्किलें

कोरबा 11 जुलाई। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध परियोजना से शिव मंदिर तक की सडक का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे इस हिस्से में आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। लेकिन शिव मंदिर से पौड़ी उपरोड़ा गांव तक की सडक अब भी बदहाल स्थिति में है। कच्ची सडक बारिश के कारण कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस सडक का निर्माण कई वर्ष पहले जल संसाधन विभाग द्वारा कराया गया था। समय के साथ भारी वाहनों की आवाजाही और नियमित रखरखाव के अभाव में सडक पूरी तरह जर्जर हो गई। हर वर्ष बारिश के दौरान सडक पर कटाव होने से स्थिति और गंभीर होती चली गई। लगातार मांग और जनदबाव के बाद विभाग ने डैम साइड से शिव मंदिर तक सडक का निर्माण करा दिया, लेकिन शेष मार्ग आज भी मरम्मत की बाट जोह रहा है।
बताया जाता है कि पूरी सडक के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हुई थी। हालांकि, ठेकेदार द्वारा निर्धारित दर से अधिक दर (एबव रेट) का कोटेशन दिए जाने के कारण सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते आगे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया और शिव मंदिर से पौड़ी उपरोड़ा तक का मार्ग अब भी बदहाल बना हुआ है।
वर्तमान में इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। बारिश के मौसम में ग्रामीणों, स्कूली विद्यार्थियों, किसानों और अन्य लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से मांग की है कि शिव मंदिर से पौड़ी उपरोड़ा तक की सडक का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में भी आवागमन सुचारु बना रहे और क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
