सेंट जेवियर्स स्कूल में विद्यार्थियों को दी यातायात नियमों की जानकारी

जिम्मेदार नागरिक बनने का किया आह्वान
कोरबा 11 जुलाई। सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नए शिक्षण सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को सडक सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। सेंट जेवियर्स स्कूल, कोरबा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य आनंद की उपस्थिति में ट्रैफिक एएसआई मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह तथा आरक्षक सुशांत युवराज चंद्रा ने लगभग 1250 विद्यार्थियों से संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सडक पर सुरक्षित चलने के नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, सडक पार करने की सही विधि, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले खतरों की विस्तार से जानकारी दी विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि वे पूरे मनोयोग से पढ़ाई करेंगे, विद्यालय आते-जाते समय यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सडक सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
ट्रैफिक अधिकारियों ने कहा कि सडक दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। थोड़ी सी असावधानी किसी व्यक्ति और उसके परिवार के लिए गंभीर संकट का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
