गंदे पानी निकासी नाला के दोनों तरफ बेजा कब्जा, प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं

कोरबा 21 मई। एक तरफ कोरबा शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर लगातार एक्शन लिया जा रहा है और इसके ठीक दूसरी ओर शारदा विहार रेलवे क्रॉसिंग से चिमनी भट्टा की तरफ गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए बड़े लाल के दोनों तरफ बेजा कब्जा की होड़ लगी है। क्या अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर उन्होंने जानबूझकर खुद को इससे अलग कर लिया है।
देखते-देखते अब नाला के आसपास का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण से घिर गया है। कच्चे झोपड़ों से लेकर पक्के निर्माण भी इसके दायरे में कर दिए गए हैं और धीरे-धीरे अब खाली बच्चे पूरे एरिया को कवर करने की तैयारी है। जिस तरीके से काम चल रहा है, उसे देखकर लगता है कि अतिक्रमण करने वालों ने ऐसा मान लिया है कि भविष्य में यह इलाका उनके नाम पर हो जाएगा और फिर सरकार की किसी योजना से उन्हें इसका पट्टा मिल जाएगा। कोरबा शहर के इस इलाके में अतिक्रमण संबंधित गतिविधियों को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या यह सब नगर पालिका निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिखाई नहीं दे रहा है या फिर उन्होंने इस मामले को नजर अंदाज कर दिया है। कोरबा शहर को सुंदर दिखने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और इस पर बड़ी राशि खर्च की जा रही है। कई प्रयोग इसमें शामिल किए गए हैं ताकि बाहर से आने वाले लोगों को कोरबा को एक अलग रूप में दिखाया जा सके।
नगर पालिका निगम के इस प्रयास को हर किसी ने सराहा है। लेकिन इसका दूसरा पहलू यह है कि मुख्य मार्ग पर ही जहां सौंदर्यीकरण किया गया है, उसके आसपास ठेले टॉपरों के जरिए अतिक्रमण कर लिया गया है। यह सौंदर्यीकरण पर ग्रहण लगने से कम नहीं है और इसके चक्कर में अच्छी कोशिश पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
