डिंगापुर में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर

न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ
कोरबा 20 जनवरी। नगर पालिका निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 36 डिंगापुर में सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना के तहत श्री बजरंगी जन कल्याण समिति के नेतृत्व में शासकीय आयुष पाली क्लिनिक परिसर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुनीत आयोजन में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंदों के जीवन रक्षक रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उक्त रक्तदान शिविर को सफल बनाने में स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध इंदिरा गांधी चिकित्सालय, जिला कोरबा के ब्लड बैंक का सराहनीय योगदान रहा। चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्तदाताओं की जांच, संग्रहण एवं सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए शिविर का संचालन किया गया।
न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने रक्तदान कर दिया प्रेरक संदेश
रक्तदान शिविर का शुभारंभ कोरबा जिले में पदस्थ विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी स्पेशल कोर्ट) श्री जयदीप गर्ग द्वारा स्वयं रक्तदान कर किया गया। उनके इस प्रेरक कदम ने उपस्थित नागरिकों और युवाओं में रक्तदान के प्रति उत्साह और जागरूकता को और मजबूत किया। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी कोरबा डॉ. उदय शर्मा, डॉ. दिवाकर त्रिपाठी, अखिल भारतीय सतनामी युवा कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी मनीराम जांगड़े, तथा श्री बजरंगी जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रघुवंशी सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और इस मानवीय कार्य की प्रशंसा की।
13 नागरिकों ने किया रक्तदान
इस रक्तदान शिविर में कुल 13 नागरिकों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
